बिहार

वैशाली: शिक्षक ने रोटावेटर से काटकर की 10 साल के मासूम की हत्या, मचा कोहराम

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से एक दिल-दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर एक सरकारी शिक्षक ने 10 साल के मासूम की हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि आरोपियों ने खेत जोतते समय आयुष को ट्रैक्टर से धक्का देकर रोटावेटर के नीचे गिरा दिया और फिर जानबूझकर खेत जोतते रहे, जब तक बच्चे का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत नहीं हो गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के अलीनगर लेवढन गांव की है। मृतक बच्चे की पहचान अलीनगर लेवढन गांव निवासी संजीत कुमार चौधरी के 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि गांव का सरकारी शिक्षक प्रभु महतो प्रॉपर्टी डीलर का भी काम करता है। वह लोगों को अक्सर गालियां देता रहता था, जिसका विरोध संजीत कुमार चौधरी करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार की दोपहर सरकारी शिक्षक प्रभु महतो और उसका साथी ट्रैक्टर चालक शिवशंकर सिंह खेत जोत रहे थे। इसी दौरान वहां पर आयुष भी चला गया। उन्होंने आयुष को ट्रैक्टर पर बिठा लिया और फिर खेत जोतते समय उसको ट्रैक्टर से धक्का देकर रोटावेटर के नीचे गिरा दिया। वह जानबूझकर तब तक खेत जोतते रहे, जब तक बच्चे का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत नहीं हो गया। घटना के बाद मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इस‌ वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गए है।

वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर से रोटावेटर को काट कर भीतर फंसे बच्चे के शव को बाहर निकाला। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

WhatsApp
Copy link
URL has been copied successfully!