खासम ख़ासजमशेदपुरझारखंड

रंगदारी से इनकार पर सब्जी विक्रेता की दुकान के बाहर धांय-धांय,टिनप्लेट बाजार में मची अफरातफरी

ख़बर को शेयर करें

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट सब्जी बाजार में शनिवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सब्जी विक्रेता की दुकान के बाहर हवाई फायरिंग कर दी। घटना के बाद बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों के बीच अफरातफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित सब्जी विक्रेता मथुरा पोद्दार ने बताया कि शुक्रवार शाम एक युवक उनकी दुकान पर आया था। उसने मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति से उनकी बात कराई। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की, लेकिन उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।
मथुरा पोद्दार का आरोप है कि रंगदारी नहीं देने के कारण शनिवार शाम दो युवक बाइक से उनकी दुकान के बाहर पहुंचे और उन्हें डराने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। हालांकि घटनास्थल से कोई खोखा बरामद नहीं हुआ। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
मथुरा पोद्दार ने फायरिंग करने वालों में खालसा बस्ती निवासी करण सिंह की पहचान होने का दावा किया है। उनका कहना है कि करण सिंह पहले भी अपनी पत्नी पर फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

Avatar photo

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।