भाजपा जादूगोड़ा मंडल ने बिजली की समस्याओं को लेकर विद्युत सहायक अभियंता को सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी, जादूगोड़ा मंडल की ओर से मंडल अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री नंदा त्रिपाठी और मंडल प्रभारी ब्रजेश सिंह के कुशल नेतृत्व में जादूगोड़ा क्षेत्र की विभिन्न विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु विद्युत आपूर्ति कार्यालय, में जादूगोड़ा के सहायक अभियंता मोहम्मद सयादीन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, बार-बार होने वाली बिजली कटौती एवं लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान, जर्जर बिजली तारों एवं क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को बदलने, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं नए ट्रांसफार्मर लगाने, बिजली बिल संबंधी त्रुटियों का त्वरित निराकरण, नए कनेक्शन एवं मीटर परिवर्तन की प्रक्रिया को समयबद्ध करने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान की मांग की गई।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री नंदा त्रिपाठी ने कहा कि जादूगोड़ा क्षेत्र की जनता लंबे समय से विद्युत समस्याओं से जूझ रही है। भाजपा जादूगोड़ा मंडल जनहित के मुद्दों पर सदैव जनता के साथ खड़ा है और समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा करता है। यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मंडल प्रभारी ब्रजेश सिंह वरिष्ठ नेता मनोज प्रताप सिंह,मंडल पदाधिकारी केदारनाथ मिश्रा वरुण सिंह,शंकर महतो,गौतम झा, महिला नेत्री रूपाली सवैया डोली मुखी,नीतू सिंह किरण देवी,दीपू पाल रीना महाली सहित भाजपा जादूगोड़ा मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
