---Advertisement---

रांची: जमीन विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 लोगों को लगी गोली

On: January 18, 2026 8:31 AM
---Advertisement---

रांची: राजधानी रांची के पिस्का मोड़ स्थित तेल मिल गली में शनिवार शाम जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन को लेकर दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस सनसनीखेज घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें जमीन कारोबारी विकास सिंह, उसका भाई आकाश सिंह और दूसरे गुट का रवि शामिल है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।


घायलों की स्थिति


गोलीबारी में विकास सिंह को कुल तीन गोलियां लगी हैं, जबकि उसके भाई आकाश सिंह को हाथ में गोली लगी। वहीं दूसरे गुट का सदस्य रवि भी घायल हुआ है। तीनों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विकास और आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों भाई फिलहाल खतरे से बाहर हैं।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई


घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की और वहां से कई खोखा बरामद किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी संजय पांडेय, उसके गुर्गे रवि समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


जमीन और पैसों के विवाद की पृष्ठभूमि


पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरा मामला जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन से जुड़ा हुआ है। जानकारी के अनुसार, सुकुरहुटू इलाके में करीब चार एकड़ जमीन पर संजय पांडेय और विकास सिंह मिलकर काम कर रहे थे। इसी दौरान विकास पर संजय का लगभग 55 लाख रुपये बकाया हो गया था। विकास लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था।


बातचीत के बहाने रची गई साजिश


बताया जा रहा है कि शनिवार शाम संजय पांडेय ने विकास और उसके भाई आकाश को बातचीत के लिए तेल मिल गली बुलाया था। दोनों भाई रात करीब 9:15 बजे वहां पहुंचे, जहां पहले से संजय अपने गुर्गों के साथ मौजूद था। बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और इसी बीच संजय व उसके साथियों ने विकास पर फायरिंग शुरू कर दी।


आगे की कार्रवाई


पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त हथियारों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now