मझिआंव नगर पंचायत चुनाव: वार्ड पार्षद पद के लिए पहला नामांकन, संजय कमलापुरी ने भरा पर्चा
मझिआंव: नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे चुनावी गतिविधियां भी बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र में वार्ड पार्षद पद के लिए पहला नामांकन दाखिल किया गया।
नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 से वार्ड पार्षद प्रत्याशी सह भाजपा युवा कार्यकर्ता संजय कमलापुरी ने अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नामांकन दाखिल करने से पूर्व संजय कमलापुरी ने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उन्हें वार्ड संख्या 5 से विजयी बनाया गया, तो वे वार्ड की तस्वीर पूरी तरह बदल देंगे। उन्होंने दावा किया कि वार्ड नंबर 5 नगर पंचायत का पहला ऐसा वार्ड होगा, जहां विकास कार्य साफ-साफ नजर आएगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें केवल एक बार वार्डवासियों के आशीर्वाद की आवश्यकता है। जीत के बाद जनता को कभी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा और वार्ड में केवल विकास ही विकास दिखाई देगा। उन्होंने यह भी बताया कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करते आ रहे हैं।
इस मौके पर आरओ शिवपूजन तिवारी, सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी श्रीमती कनक, आरओ राजेश कुमार, अंचल नाजिर प्रेम शंकर पाठक, सहायक राहुल कुमार, प्रत्याशी के समर्थक संतोष प्रसाद एवं प्रस्तावक विनय गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
बताया गया कि मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में वार्ड पार्षद पद के लिए अब तक कुल 11 नामांकन फार्म खरीदे जा चुके हैं।
