---Advertisement---

गुमला: स्कूली बच्चों से भरा ऑटो पलटा, एक बच्ची की मौत; दूसरी गंभीर

On: February 18, 2026 2:43 PM
---Advertisement---

गुमला: जिले के बसिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि 7 वर्षीय एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा गंगड़ा गांव के बड़ा टोली मोड़ के पास उस समय हुआ, जब स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

मृत बच्ची की पहचान गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की पुत्री आकांक्षा कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आकांक्षा रोज़ की तरह अन्य बच्चों के साथ ऑटो से मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बड़ा टोली मोड़ के पास अचानक ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ऑटो पलट गया।

हादसे में ऑटो के नीचे दबने से आकांक्षा कुमारी और अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चियों को रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आकांक्षा कुमारी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अलमा केरकेट्टा की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मासूम बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है। हादसे के समय ऑटो में करीब 8 से 10 बच्चे सवार थे। सौभाग्य से अन्य बच्चों को केवल मामूली चोटें आई हैं।

इधर, सूचना मिलने पर बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने और अधिक सवारियों को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now