---Advertisement---

पलामू: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दीवार तोड़ घर में घुसी, बुजुर्ग महिला की मौत; ड्राइवर गिरफ्तार

On: March 6, 2026 12:23 PM
---Advertisement---

पलामू: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक कच्चे घर में जा घुसी, जिससे घर में मौजूद 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो मेदिनीनगर से बारातियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान बिशनपुर गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे स्वर्गीय ननहक पासवान के मिट्टी के घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय घर में मौजूद पांचो कुंवर (70) खाना खाकर सोने की तैयारी कर रही थीं। अचानक हुए जोरदार टक्कर से घर की दीवार और छत का हिस्सा गिर गया और वह मलबे में दब गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत इलाज के लिए मेदिनीनगर के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हालांकि हादसे के समय घर में मौजूद अन्य सदस्य सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद तरहसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन चालक को भी हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now