गुमला: जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के सिसई प्रखंड अंतर्गत पुसो गांव में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी ने 60 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान पुसो गांव निवासी रवि महतो (60) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शौच के लिए घर से निकले थे वृद्ध
मृतक के पुत्र दुर्गा महतो ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पिता रोज की तरह घर से कुछ दूरी पर स्थित पोखरा टोली एकअम्बा रोड की ओर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां आ गया। हाथी ने उन्हें पकड़कर बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली।
वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शेष मुआवजा राशि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को उपलब्ध करा दी जाएगी।
कई दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है हाथी
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से इलाके में एक जंगली हाथी लगातार घूम रहा है। इससे गांव के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी हाथी ने आसपास के कई घरों और खेतों में लगी फसलों को नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को जल्द से जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो सके। वहीं वन विभाग की टीम भी हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।














