पलामू: पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए बहुप्रतीक्षित रेल सुविधा की शुरुआत हो गई है। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर नव परिचालित आनंद विहार–पुरुलिया एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14021/14022) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
मध्यरात्रि करीब 12 बजकर 8 मिनट पर फूलों से सजी ट्रेन के डालटनगंज पहुंचते ही लोगों ने जोरदार स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा सांसद विष्णु दयाल राम के समर्थन में जयकारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि पुरूलिया से चलकर यह ट्रेन रांची, गढ़वा रोड, वाराणसी, अयोध्या और लखनऊ होते हुए आनंद विहार टर्मिनल तक जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से पलामू और गढ़वा जिलों के लाखों लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि खासकर श्रद्धालुओं को अब अयोध्या धाम में दर्शन के लिए सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। वहीं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ स्थित चिकित्सा संस्थान संजय गांधी पोस्ट ग्रैजुएट इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (पी.जी.आई.) जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।
बताया गया कि पलामू संसदीय क्षेत्र के लोग लंबे समय से पलामू और गढ़वा के रास्ते अयोध्या धाम और लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। सांसद विष्णु दयाल राम ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से बात कर इस रूट पर नई ट्रेन चलाने की मांग की थी। इसके बाद इस ट्रेन को स्वीकृति मिली।
इससे पहले 14 मार्च को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरुलिया में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन का ऑनलाइन उद्घाटन किया था। सांसद ने ट्रेन के परिचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, वरिष्ठ नेता विभाकर नारायण पांडेय, विपिन बिहारी सिंह, उदय शुक्ला, दुर्गा जौहरी, सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, उदय शंकर दुबे, ईश्वरी पांडेय, चेतन चौहान, शिवकुमार मिश्रा, कौशल झा, अभिषेक चौरसिया सहित रेलवे के अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।













