रामगढ़: जिले के रानी बागी मुहल्ले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।
मृतका की पहचान 29 वर्षीय सीता देवी के रूप में हुई है। वह अपने पति दिनेश गोसाई और दो बेटों- 10 वर्षीय समीर गोसाई तथा 8 वर्षीय आलोक कुमार के साथ रानी बागी स्थित किराए के मकान में रहती थीं।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात किसी बात को लेकर दिनेश गोसाई और सीता देवी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। इसी दौरान गुस्से में आकर दिनेश ने हथौड़े और ईंट से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। हमले के बाद सीता देवी मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं।
मकान मालकिन के अनुसार, देर रात मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें घटना की सूचना दी। जब वह बाहर निकलीं तो घर के पास गली में सीता देवी खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ी थीं। इसी दौरान आरोपी दिनेश गोसाई अपने दोनों बेटों को स्कूटी पर बैठाकर जल्दबाजी में वहां से निकलता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मोहल्ले में हड़कंप मच गया। सीता देवी को लोगों की मदद से सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले में मृतका के भाई सनोज गोस्वामी ने रामगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दिनेश अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था और पहले भी कई बार दोनों के बीच विवाद हो चुका था, जिसे परिवार स्तर पर सुलझाने का प्रयास किया गया था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी मृतका के दोनों बेटों ने भी पुलिस के समक्ष अपने पिता द्वारा किए गए कृत्य की पुष्टि की है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश गोसाई को गिरफ्तार कर लिया है और सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।














