---Advertisement---

रील के चक्कर में राहगीरों को परेशान करना पड़ा भारी, तीन युवक पुलिस हिरासत में

On: May 11, 2026 4:48 PM
---Advertisement---

झारखंड वार्ता संवाददाता

भवनाथपुर(गढ़वा) : सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून अब युवाओं को मुश्किल में डाल रहा है। भवनाथपुर थाना पुलिस ने राहगीरों को परेशान कर जबरन रील बनाने वाले तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और युवाओं के बीच स्पष्ट संदेश गया कि सोशल मीडिया के नाम पर किसी को परेशान करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार भवनाथपुर थाना को लगातार शिकायत मिल रही थी कि कुछ युवक सड़क पर चलते अनजान लोगों के साथ बिना अनुमति वीडियो बनाते हैं, उन्हें परेशान करते हैं और फिर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर देते हैं। कई मामलों में राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार और मजाक उड़ाने की भी शिकायत सामने आई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रंजनी रंजन ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। बाद में तीनों युवकों ने थाने में कान पकड़कर उठक-बैठक की और लिखित रूप से माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया।

थाना प्रभारी रंजनी रंजन ने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया के नाम पर राहगीरों को परेशान करना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई युवक बिना अनुमति किसी अनजान व्यक्ति के साथ रील बनाते हुए पाया गया या किसी को परेशान किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए सीधे जेल भेजा जाएगा।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति रील या वीडियो बनाने के नाम पर उन्हें परेशान करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करेगी।

पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच युवाओं को जिम्मेदारी और मर्यादा का भी ध्यान रखना चाहिए

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now