मंझिआंव : आर.के. पब्लिक स्कूल, उंचरी, मंझिआंव में अंतरवर्गीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए अलग-अलग फुटबॉल मैच आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और खेल भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री के. आर. झा द्वारा सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ हुई। अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों को ईमानदारी, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं तथा उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में भी सकारात्मक योगदान देते हैं।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कक्षा 9 ने 2–0 से जीत दर्ज की, जिसमें आदर्श सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे और अपनी टीम की जीत के नायक बने। वहीं बालिका वर्ग में कक्षा 8 ने 1–0 से मुकाबला अपने नाम किया, जिसमें अनु गुप्ता ने एकमात्र निर्णायक गोल कर अपनी टीम को विजय दिलाई।
इस अवसर पर आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष, प्रख्यात शिक्षाविद एवं लोकप्रिय समाजसेवी श्री अलखनाथ पांडेय ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक श्री जय गोविंद ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।














