
फर्जी लिंक, ओटीपी और कस्टमर केयर के नाम पर बढ़ रहे साइबर अपराध, सावधानी बरतने की अपील
जमशेदपुर: डिजिटल लेनदेन में लगातार वृद्धि के साथ साइबर ठगी के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) ने टेक्स्ट मैसेज के जरिए होने वाली धोखाधड़ी को लेकर लोगों को सतर्क किया है। संस्था ने कहा है कि ठग अक्सर बैंक, सरकारी एजेंसियों, डिलीवरी कंपनियों या कस्टमर केयर प्रतिनिधियों के नाम पर फर्जी संदेश भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं।
एनपीसीआई के अनुसार, साइबर अपराधी लोगों को फर्जी लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप डाउनलोड करने, ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड साझा करने या पैसे ट्रांसफर करने के लिए उकसाते हैं। कई बार वे खाते के बंद होने, इनाम मिलने या रकम जमा होने जैसे संदेश भेजकर लोगों में डर और लालच पैदा करते हैं।
एनपीसीआई ने सलाह दी है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी तरह की गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या ग्राहक सेवा केंद्र से करनी चाहिए। संस्था ने लोगों से साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और संचार साथी पोर्टल का इस्तेमाल करने की अपील की है।




