
अहमदाबाद/गढ़वा: गुजरात के अहमदाबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। निरमा यूनिवर्सिटी के सामने बन रही ट्रेमोंट एडलिप बिल्डिंग में कार्यरत झारखंड के गढ़वा निवासी 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव निर्माणाधीन इमारत की 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से उसी निर्माणाधीन परियोजना में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार देर रात किसी समय उसने क्रेन से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
बुधवार सुबह जब निर्माण स्थल के कर्मचारी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो उनकी नजर ऊंचाई पर लटके शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर सोला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका होने के कारण उसे नीचे उतारने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मृतक के साथ काम करने वाले कर्मचारियों और उसके परिचितों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
घटना की सूचना गढ़वा स्थित प्रीतम सिंह के परिजनों को भी दे दी गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





