
कोडरमा: कोडरमा जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन कांवरियों की जान चली गई, जबकि 34 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसा सतगावां थाना क्षेत्र के पोखरडीहा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर लौट रही कांवरियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा भिड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में करीब 45 श्रद्धालु सवार थे। सभी नेपाल के रोहत क्षेत्र से चार दिन पहले देवघर पहुंचे थे और बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के बाद बिहार के राजगीर लौट रहे थे।
हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद बस में सवार कई श्रद्धालु अंदर ही फंस गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
इस हादसे में 10 वर्षीय शिवम कुमार समेत तीन लोगों की मौत हो गई। शिवम की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य दो मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है। घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक रातभर लगातार वाहन चला रहा था और संभवतः नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



