
गढ़वा: गढ़वा शहर में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया। गढ़वा थाना क्षेत्र के टाउन रेलवे स्टेशन रोड स्थित आम बगान के समीप शुक्रवार की रात पुलिस ने हथियार के साथ घूम रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के दुबे मरहटिया निवासी सियाराम शरण मिश्रा उर्फ चिंटू मिश्रा (23) और गढ़वा शहर के रंका मोड़, रांकी मोहल्ला निवासी संदीप कुमार सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात गढ़वा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चिंटू मिश्रा अपने एक साथी के साथ स्टेशन रोड स्थित आम बगान के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने उसका सत्यापन किया और तत्काल कार्रवाई के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी। पुलिस टीम ने रात करीब 9:20 बजे आम बगान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन चारों तरफ से घेराबंदी होने के कारण वे पुलिस के कब्जे में आ गए।
कमर से मिला लोडेड देसी कट्टा
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान चिंटू मिश्रा की कमर से एक अवैध लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। वहीं, दूसरे आरोपी संदीप कुमार सिंह की जेब से दो अवैध कारतूस मिले।
पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनसे पैसे लूटने की नीयत से वहां जमा हुए थे।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस अवर निरीक्षक आदित्य कुमार नायक के बयान पर गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का पूर्व में किसी आपराधिक घटना से संबंध रहा है या नहीं और उनके पास अवैध हथियार कहां से आया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्टेशन रोड क्षेत्र में संभावित लूट की घटना टल गई। मामले में आगे की जांच जारी है।






