{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"ai_enhance":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक 16 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में किशोर की कथित तौर पर हत्या करने के बाद उसके शव के तीन टुकड़े कर आरोपियों ने घर के पीछे जमीन में दफना दिया। गुरुवार को खोजबीन के दौरान इंसान का कटा हुआ पैर मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। घटना के सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों के मुताबिक, मिथुन का जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार को लड़की के बुलाने पर मिथुन पहाड़पुर पहुंचा था। इसके बाद उसे बहाने से घर के अंदर बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई।
मिथुन के घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। बुधवार को उसके पिता भी पहाड़पुर पहुंचे और आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
गुरुवार को दोबारा तलाश के दौरान गांव में इंसान का कटा हुआ पैर दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। दंडाधिकारी की मौजूदगी में संदिग्ध स्थान पर जमीन की खुदाई कराई गई, जिसके बाद वहां से किशोर का शव बरामद किया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों के साथ मारपीट भी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर आरोपियों को हिरासत में लिया और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद शव को तीन हिस्सों में काटकर जमीन में दफनाया गया था। दफन शव के कुछ हिस्सों को जंगली जानवर या कुत्ते खींचकर बाहर ले आए, जिसके बाद कटा हुआ पैर लोगों की नजर में आया। आसपास दुर्गंध फैलने से भी लोगों को संदेह हुआ।
जांच के दौरान आरोपी के घर के अंदर कथित तौर पर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले तमाम साक्ष्यों को जुटा रही है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी तलाश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
घटना के बाद पहाड़पुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटनास्थल पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
एसडीपीओ ने बताया कि अब तक की प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग सामने आ रही है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




