
गुमला: जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुरसुरिया केसीपारा के पास हुआ। मृतकों की पहचान गिंडरा महुआटोली निवासी 30 वर्षीय रोहित मुंडा और 25 वर्षीय सुधर मुंडा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुरसुरिया केसीपारा के पास बालू से लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर एक टुकटुक ऑटो को जोरदार टक्कर मारने के बाद सड़क पर पलट गया। इसी दौरान गिंडरा महुआटोली की ओर से आ रहे बाइक सवार दोनों युवक दुर्घटनाग्रस्त टुकटुक से जा टकराए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और टुकटुक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बाइक सवार रोहित मुंडा और सुधर मुंडा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने की मांग कर रहे थे। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार वाहन चालक और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर भी ग्रामीण अड़े रहे। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया।
पुलिस-प्रशासन की टीम ने आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से तत्काल मृतकों के स्वजन को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई।
दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन और सहायता राशि मिलने के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।







