
नई दिल्ली: घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में LPG रिफिल बुक करने के लिए लागू 45 दिनों की अनिवार्य समय-सीमा को घटाकर 25 दिन कर दिया है। यानी अब शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के घरेलू LPG ग्राहक हर 25 दिन के अंतराल पर नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में LPG की उपलब्धता और आपूर्ति की स्थिति में सुधार को देखते हुए ग्रामीण उपभोक्ताओं पर लागू अतिरिक्त प्रतिबंध हटा लिया गया है।
दरअसल, LPG की आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के बाद सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग के बीच अंतर बढ़ाया था। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिन, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के बाद ही नया LPG सिलेंडर बुक करने की अनुमति थी।
अब ग्रामीण इलाकों के उपभोक्ताओं के लिए 45 दिनों की यह सीमा खत्म कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण ग्राहक भी 25 दिन बाद अपना अगला LPG रिफिल बुक करा सकेंगे।
LPG बुकिंग के नियमों में बदलाव की वजह वैश्विक स्तर पर तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर पैदा हुआ संकट था। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध तथा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में उत्पन्न संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हुई थी। इसका असर भारत में भी LPG की उपलब्धता पर पड़ा।
घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर की कमी से बचाने और उपलब्ध स्टॉक को व्यवस्थित तरीके से वितरित करने के लिए सरकार ने रिफिल बुकिंग के बीच अंतर बढ़ाया था। अब सप्लाई की स्थिति में सुधार के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी शहरी ग्राहकों के समान सुविधा देने का फैसला किया गया है।







