
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित मुर्दा मैदान के पास सोमवार दोपहर झाड़ियों में मानव नरकंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फुटबॉल खेल रहे बच्चे गेंद खोजने के लिए झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान एक बच्चे की नजर कंकाल पर पड़ी। वह घबराकर मैदान की ओर भागा और स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो और आजादनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच की और झाड़ियों से कंकाल बरामद कर लिया। प्रथम दृष्टया यह किसी पुरुष का कंकाल बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कंकाल की स्थिति देखकर उसके काफी पुराना होने की आशंका है। हालांकि, मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चलेगा। कंकाल को एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
सुनसान जगह पर नरकंकाल मिलने के कारण पुलिस हत्या समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आजादनगर और आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस लापता लोगों की सूची से कंकाल का मिलान करेगी। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।






