
SSC CHSL Recruitment 2026: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है। आयोग ने Combined Higher Secondary Level (CHSL) 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों, विभागों और कार्यालयों में नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
SSC CHSL 2026 के तहत LDC/JSA, Data Entry Operator (DEO) और DEO Grade ‘A’ समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए 7 सितंबर 2026 से आवेदन शुरू हो चुके हैं, जबकि उम्मीदवार 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। आयोग ने फिलहाल 2536 संभावित रिक्तियों की जानकारी दी है। हालांकि, SSC ने स्पष्ट किया है कि पदों की अंतिम संख्या बाद में जारी की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
SSC CHSL 2026 के अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। हालांकि, कुछ विशेष DEO और DEO Grade ‘A’ पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग रखी गई है।
उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, SSC और संस्कृति मंत्रालय से संबंधित कुछ DEO/DEO Grade ‘A’ पदों के लिए उम्मीदवार का विज्ञान वर्ग से 12वीं पास होना और 12वीं में गणित विषय पढ़ा होना अनिवार्य है।
इसलिए आवेदन करने से पहले उम्मीदवार को संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता जरूर जांच लेनी चाहिए।
उम्र सीमा
SSC CHSL 2026 के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयोग के अनुसार उम्मीदवार का जन्म 2 अगस्त 1999 से पहले और 1 अगस्त 2008 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। SC/ST वर्ग को 5 वर्ष और OBC वर्ग को 3 वर्ष की छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क
SSC CHSL 2026 के लिए सामान्य उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, महिला उम्मीदवारों के साथ-साथ SC, ST, PwBD और आरक्षण के पात्र Ex-Servicemen (ESM) उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
आवेदन में सुधार के लिए भी शुल्क निर्धारित किया गया है। पहली बार करेक्शन के लिए 200 रुपये और दूसरी बार करेक्शन के लिए 500 रुपये का भुगतान करना होगा।
आवेदन सुधार विंडो : 14 अक्टूबर 2026 से 16 अक्टूबर 2026 (रात 11 बजे तक)
SSC CHSL भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। परीक्षा मुख्य रूप से Tier-I और Tier-II में आयोजित होगी। इसके बाद पद के अनुसार स्किल टेस्ट या टाइपिंग टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा।
चयन प्रक्रिया
1. Tier-I Computer Based Examination
2. Tier-II Examination
3. Skill Test/Typing Test
4. Document Verification
DEO पदों के लिए Skill Test और LDC/JSA पदों के लिए Typing Test आयोजित किया जाएगा।
Tier-I
SSC CHSL Tier-I परीक्षा में चार विषयों से कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 25 प्रश्न होंगे। हर सेक्शन 50 अंकों का होगा और इस तरह पूरी परीक्षा 200 अंकों की होगी। प्रत्येक विषय (Section) के लिए 15 मिनट का सेक्शनल टाइमर अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है। उम्मीदवार को हर विषय का भाग निर्धारित 15 मिनट में ही हल करना होगा और समय समाप्त होते ही वह सेक्शन अपने आप बंद हो जाएगा। गलत उत्तर देने पर 0.50 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी होगी।
Tier-II
Tier-II परीक्षा में उम्मीदवारों की गणितीय क्षमताओं, रीजनिंग एवं सामान्य बुद्धिमत्ता, अंग्रेजी भाषा एवं समझ, सामान्य जागरूकता और कंप्यूटर नॉलेज का परीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित पद के अनुसार Skill Test या Typing Test भी कराया जाएगा।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार SSC की नई आधिकारिक वेबसाइट या My SSC Mobile Application के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नए SSC पोर्टल पर आवेदन करने के लिए One-Time Registration (OTR) करना जरूरी है।
ध्यान रखें कि पुराने SSC पोर्टल पर बनाया गया OTR नए पोर्टल पर मान्य नहीं होगा। उम्मीदवारों को नए पोर्टल पर अलग से OTR पूरा करना होगा।
आवेदन करने के आसान स्टेप्स
स्टेप 1: SSC की आधिकारिक वेबसाइट ssc.gov.in पर जाएं।
स्टेप 2: नए पोर्टल पर One-Time Registration पूरा करें।
स्टेप 3: SSC CHSL 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 4: मांगी गई व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करें।
स्टेप 5: जरूरी दस्तावेज और अन्य विवरण अपलोड/दर्ज करें।
स्टेप 6: लागू होने पर 100 रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
स्टेप 7: आवेदन फॉर्म को ध्यान से जांचने के बाद Final Submit करें।
स्टेप 8: भविष्य में जरूरत के लिए आवेदन फॉर्म की डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखें या प्रिंट निकालकर रख लें।
उम्मीदवार इन बातों का रखें ध्यान
SSC CHSL 2026 में आवेदन करने से पहले उम्मीदवार पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और परीक्षा से जुड़े नियमों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में अच्छी तरह पढ़ लें। खासकर DEO और DEO Grade ‘A’ के कुछ पदों के लिए 12वीं में गणित और विज्ञान वर्ग की अनिवार्यता है।







