
झारखंड वार्ता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर पंचायत की अध्यक्ष साधना देवी एवं जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष सह विस० प्रत्याशी रवि प्रकाश बबलू ने मंगलवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि दी। दोनों रामगढ़ जिले के नेमरा गांव स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक व्यक्त किया।
इसके बाद साधना देवी और रवि प्रकाश बबलू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रूपी सोरेन के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। उन्होंने कहा कि मां का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। मां का साया उठ जाना किसी भी परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा मुख्यमंत्री और उनके परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति मिलने की कामना की। इस दुख की घड़ी में उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख और संकट के समय एक-दूसरे के साथ खड़ा रहना सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय संबंधों की पहचान है।







