
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शहर के चचेरिया स्थित अंबालाल पटेल बालिका उच्च विद्यालय के प्रांगण में नवयुवक क्लब की ओर से रविवार से दो दिवसीय डांडिया प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ डांडिया और गरबा प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा विद्यालय परिसर भक्ति, उल्लास और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदंबा की विधिवत आरती और पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद पारंपरिक धुनों पर प्रतिभागियों ने डांडिया और गरबा प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर नवयुवक क्लब के अध्यक्ष कमलेश मेहता ने कहा कि डांडिया और गरबा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्वपूर्ण अंग हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य इन परंपराओं को सहेजना तथा युवाओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच प्रदान करना है। प्रतिभागियों ने जिस उत्साह और उमंग के साथ नृत्य प्रस्तुत किया, वह सराहनीय है। क्लब हर वर्ष इस तरह के आयोजन कर संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देता रहेगा।
उन्होंने बताया कि क्लब की ओर से विजयादशमी के दिन गोसाईंबाग मैदान में रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव मुख्य अतिथि तथा मानवेंद्र प्रताप देव उर्फ मन्नू बाबा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान तैनात रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से मिले सहयोग के कारण कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
मौके पर क्लब के संरक्षक अजय प्रसाद मुखिया, विनय प्रसाद, सचिव सौरव जायसवाल, उपाध्यक्ष रणधीश कुमार, अनूप विश्वकर्मा, शुभम कुमार, अमर जायसवाल, लाला पासवान, ठाकुर सत्यजीत राज, चितरंजन विश्वकर्मा, बहादुर प्रसाद, उपेंद्र शर्मा, अंकुल कुमार सहित क्लब के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।







