
झारखंड वार्ता संवाददाता
गढ़वा। पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) की व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर अस्पताल की स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय जांच दल गठित करने का अनुरोध किया है।
सांसद ने अपने पत्र में अस्पताल में चिकित्सकों और मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों की कमी, आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं तथा मरीजों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख किया है। उन्होंने 500 बेड वाले नए अस्पताल भवन के निर्माण में हो रही देरी के साथ सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं के संचालन में आ रही बाधाओं की भी जांच कराने की मांग की है।
चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता की हो जांच
सांसद विष्णु दयाल राम ने अस्पताल में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपलब्धता, रिक्त पदों तथा उनकी उपस्थिति की समीक्षा कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा कर्मियों की उपलब्धता और जरूरी जांच सुविधाओं का सुचारु संचालन मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे उपकरणों की उपलब्धता तथा उनके वास्तविक संचालन की स्थिति की भी जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा अस्पताल के विभिन्न वार्डों में बिजली-पानी की व्यवस्था, साफ-सफाई और समग्र प्रबंधन की समीक्षा करने पर जोर दिया है।
सफाई व्यवस्था और सरकारी राशि के उपयोग की भी जांच
सांसद ने अस्पताल में आउटसोर्सिंग के माध्यम से संचालित सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने स्वीकृत पदों और वास्तव में तैनात सफाईकर्मियों की संख्या के बीच कथित अंतर की जांच कराने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) सहित केंद्र समर्थित स्वास्थ्य योजनाओं के तहत प्राप्त राशि के उपयोग, पारदर्शिता और जवाबदेही की समीक्षा कराने की मांग की है। उनका आग्रह है कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए और जहां कमियां सामने आएं, वहां सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
पलामू-गढ़वा के लाखों लोगों के लिए महत्वपूर्ण अस्पताल
सांसद ने पत्र में कहा है कि मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक मरीज इलाज के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था में कमियों का सीधा असर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं पर पड़ सकता है।
कमियां दूर करने के लिए बने समयबद्ध कार्ययोजना
सांसद ने केंद्रीय जांच दल से अस्पताल की व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कराने के साथ जांच में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कराने का आग्रह किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने, सुधारात्मक कदम उठाने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अलावा चिकित्साकर्मियों की कमी दूर करने और जरूरी चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए उचित सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। सांसद का कहना है कि क्षेत्र की जनता को समय पर, सुरक्षित और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित होने से आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।






