वैशाली: बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। टी20 विश्वकप 2026 के फाइनल मैच के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 17 वर्षीय मूक-बधिर युवक कुंदन कुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद जक्कोपुर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात गांव के कुछ युवक मोबाइल फोन पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी20 विश्वकप 2026 का फाइनल मैच देख रहे थे। उसी दौरान गांव का ही रहने वाला कुंदन कुमार भी पीछे से खड़े होकर मैच देखने लगा। मैच के दौरान भारत का एक विकेट गिरने पर एक कुंदन ने जोर से हल्ला किया, जिससे दूसरे युवक को गुस्सा आ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक ने कुंदन को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया।
बताया जा रहा है कि धक्का देने के बाद आरोपी ने कुंदन के साथ मारपीट शुरू कर दी और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान कुंदन गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महनार ले गए।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) भेजने की सलाह दी। हालांकि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही कुंदन कुमार ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिवार वालों ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
इधर, महनार थाना पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













