---Advertisement---

गधड़ा में 15 माह से फटी जलापूर्ति पाइप से हजारों लीटर पानी बर्बाद, पीएमओ में शिकायत

On: June 14, 2026 10:03 PM
---Advertisement---

जमशेदपुर: जमशेदपुर प्रखंड के उत्तर-पूर्व गधड़ा ग्राम पंचायत स्थित गधड़ा गांव के बीच टोला में पिछले 15 महीनों से जलापूर्ति की मुख्य पाइपलाइन फटी हुई है। इसके कारण प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ पेयजल सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। यह पाइपलाइन श्री सालखु बारदा के घर के सामने क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने पर आरटीआई एक्टिविस्ट एवं आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), नई दिल्ली में दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी और जल संकट के समय भी विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं, गांव की महिलाएं बहते हुए पानी को बर्तनों में इकट्ठा कर घरेलू जरूरतें पूरी करने को मजबूर हैं। मौके की तस्वीरें भी इस स्थिति की गंभीरता को दर्शाती हैं।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए पीएमओ ने मामले की जांच का आदेश जारी किया है। पीएमओ की ओर से अनिल कुमार, संयुक्त सचिव, जल जीवन मिशन (जेजेएम), झारखंड सरकार, रांची को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
कृतिवास मंडल ने जनहित को देखते हुए फटी पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और ग्रामीणों को नियमित एवं सुचारु जलापूर्ति उपलब्ध हो सके।

Satish Sinha

मैं सतीश सिन्हा, बीते 38 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने कई अखबारों और समाचार चैनलों में रिपोर्टर के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को इमानदारी से उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले तकरीबन 6 वर्षों से मैं 'झारखंड वार्ता' से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ।

Join WhatsApp

Join Now