रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर अपराधियों ने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती दी है। अनगड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक शराब दुकान पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन अपराधी अचानक दुकान के बाहर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के वक्त दुकान पर कई ग्राहक मौजूद थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
CCTV में कैद हुई वारदात
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में तीनों आरोपी साफ तौर पर नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। आसपास की अन्य दुकानों और रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को देव सिंह मुंडा और उसके दो साथियों ने अंजाम दिया है। देव सिंह मुंडा को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान पुख्ता हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गौतम कुमार रजवार, थाना प्रभारी अनगड़ा, ने मीडिया से बातचीत में बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।














