गढ़वा: मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष को लेकर पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैलने के बाद गढ़वा जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति यह रही कि लोग अपनी गाड़ियों की टंकी फुल कराने के लिए लाइन में लग गए, वहीं कई लोग बोतलों और गैलनों में भी पेट्रोल भरवाते नजर आए।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने रविवार को गढ़वा और मेराल प्रखंड के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक, बिक्री रजिस्टर तथा पिछले चार दिनों के बिक्री आंकड़ों की जांच की। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर भी वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
जांच के दौरान मेराल प्रखंड के दो पेट्रोल पंपों पर प्रथम दृष्टया कुछ अनियमितताएं सामने आईं। इस संबंध में विस्तृत जांच के लिए गढ़वा और मेराल के अंचलाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि पेट्रोल और डीजल आवश्यक वस्तुओं की श्रेणी में आते हैं। यदि किसी पेट्रोल पंप संचालक द्वारा सप्लाई चेन प्रभावित करने या अनियमितता करने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित संचालक पर प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ-साथ लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान कई पेट्रोल पंपों पर कुछ लोग अपनी मोटरसाइकिल के दोनों तरफ चार-पांच गैलन लटकाकर पेट्रोल लेने पहुंचे थे। इस पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्हें गैलन में पेट्रोल ले जाने से मना किया। उन्होंने कहा कि इस तरह का भंडारण कृत्रिम संकट की स्थिति पैदा कर सकता है।
एसडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।फिलहाल जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इसलिए लोग घबराकर अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदें।













