गढ़वा: जिला मुख्यालय के ग्राम जोबरईया स्थित बंडा पहाड़ पर नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय विराट श्री रुद्र महायज्ञ का प्रथम दिवस भव्य जलयात्रा के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन महायज्ञ के यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य महाराज जी के सानिध्य में तथा महायज्ञ के प्रधान संयोजक राकेश पाल की उपस्थिति में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ आयोजित किया गया।
संध्याकाल में अयोध्या धाम से पधारे कथा व्यास पंडित पंकज शांडिल्य जी महाराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा अमृतवर्षा का सरस एवं संगीतमय कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व भव्य कथा मंडप का उद्घाटन झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर तथा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि संजय कुमार पांडेय के करकमलों से, प्रधान संयोजक राकेश पाल की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने महायज्ञ जैसे धार्मिक आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जागृति युवा क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने कर्म के प्रति सजग रहना चाहिए। यदि हम कर्मठ होंगे तो हमारा जीवन सुखद होगा और अध्यात्म हमें मानसिक शांति की ओर ले जाता है।

यज्ञाधीश आचार्य श्री श्री आशीष वैद्य महाराज ने सनातन संस्कृति में महायज्ञ की महत्ता पर चर्चा करते हुए जागृति युवा क्लब के प्रयासों की प्रशंसा की। वहीं महायज्ञ के प्रधान संयोजक राकेश पाल ने श्रीराम कथा मंडप के उद्घाटन समारोह में शामिल सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कथा व्यास आचार्य पंडित पंकज शांडिल्य महाराज ने वंदना के साथ प्रथम दिवस की कथा की शुरुआत करते हुए कहा कि राम कथा मुक्ति का मार्ग है। परमात्मा की दो शक्तियां होती हैं—भक्ति और माया। जो लोग भक्ति का मार्ग अपनाते हैं उनका जीवन सुखमय होता है, जबकि माया के मार्ग पर चलने वाले सांसारिक बंधनों में उलझे रहते हैं।
कार्यक्रम में गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, महायज्ञ आयोजन समिति सह जागृति युवा क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पाल, वरिष्ठ पत्रकार विनोद पाठक सहित कई गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य मनोज ठाकुर, श्री कृष्ण गौशाला से शिव शंकर गुप्ता, मानस मंडली इकाई गढ़वा से द्वारकानाथ पांडेय, अनुज प्रसाद, बुद्धदेव पाल, अजय केसरी समेत सैकड़ों श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे।
संपूर्ण कार्यक्रम का निर्देशन जागृति युवा क्लब के उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल और सचिव विनय कुमार पाल की देखरेख में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन विराट श्री रुद्र महायज्ञ के कार्यक्रम प्रमुख ओमप्रकाश पाल ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन संध्या 6 बजे आयोजित होने वाली श्रीराम कथा अमृतवर्षा में शामिल होने का आग्रह किया।














