रांची: राजधानी रांची में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित कुतियातु चौक के पास टीटॉस रेस्टोरेंट में शनिवार देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में रेस्टोरेंट में काम करने वाला वेटर मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना के पीछे रंगदारी की मांग को लेकर विवाद बताया जा रहा है। गैंगस्टर प्रिंस खान ने 25 दिसंबर को रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप से रंगदारी की मांग की थी। बताया जा रहा है कि रंगदारी की रकम नहीं देने पर ही अपराधियों ने रेस्टोरेंट में फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की।
बताया जाता है कि रंगदारी की धमकी मिलने के बाद प्रशासन की ओर से रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप को करीब एक महीने के लिए बॉडीगार्ड भी मुहैया कराया गया था। हालांकि कुछ दिनों पहले ही सुरक्षा कारणों से दिया गया बॉडीगार्ड वापस ले लिया गया था। इसके बाद ही अपराधियों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 8.30 बजे दो बाइक पर सवार हथियारबंद अपराधी रेस्टोरेंट के पास पहुंचे और परिसर में घुसते ही तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए ग्राहक और कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के कई खोखे बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में एक मुख्य संदिग्ध की पहचान भी कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े या भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।














