गढ़वा: शहर के बस स्टैंड स्थित दक्षिणी गेट के पास सोमवार की देर रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का खुलासा मंगलवार को गढ़वा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि सोमवार की रात करीब 11:20 बजे बस स्टैंड के दक्षिणी गेट के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना सुनियोजित तरीके से क्षेत्र में दहशत और रंगदारी फैलाने के उद्देश्य से की गई थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी शाहिद अली उर्फ पप्पू खान ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पहले एक बस कंडक्टर के साथ मारपीट की थी। इसके बाद इलाके में अपना दबदबा बनाने और लोगों में भय का माहौल उत्पन्न करने के लिए हवाई फायरिंग की गई। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
इस मामले में गढ़वा थाना कांड संख्या 198/26, दिनांक 24 मार्च 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 109(1), 308(4), 115(2), 351(2), 221, 132 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-B) A/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी ऊंचरी इलाके में छिपा हुआ है। इसके आधार पर 24 मार्च को एक मकान में छापेमारी कर शाहिद अली उर्फ पप्पू खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस (8 एमएम KF), एक मैगजीन, घटना में प्रयुक्त पल्सर 125 मोटरसाइकिल (संख्या JH 03 AF 2457) तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर गढ़वा थाना कांड संख्या 199/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-B) (a) एवं 26 में एक अन्य मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस कांड में शामिल दो अन्य आरोपियों (अजीत कुमार उर्फ छोटू और आदित्य कुमार) को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। वहीं, घटना के बाद बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।














