
मुंबई: मुंबई से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां क्रिकेट मैच के दौरान अंपायर पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को करीब 36 साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ओमप्रकाश ललता पासी के रूप में हुई है। वर्ष 1990 में हुई इस घटना के समय उसकी उम्र महज 18 साल थी, जबकि अब वह 55 वर्ष का है। पुलिस ने उसे पड़ोसी ठाणे जिले के मीरा रोड इलाके से गिरफ्तार किया है।
LBW आउट देने पर भड़का था आरोपी
मामला मुंबई के बोरीवली इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 1990 में वहां एक क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। मैच के दौरान अंपायर ने ओमप्रकाश पासी को LBW आउट करार दिया। फैसले को लेकर पासी और अंपायर के बीच बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद पासी ने अपना आपा खो दिया और अंपायर के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अंपायर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हत्या के प्रयास का दर्ज हुआ था केस
हमले के बाद पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। बोरीवली पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 और 34 के तहत केस दर्ज किया था।
मामला अदालत तक पहुंचा, लेकिन आरोपी लगातार कोर्ट में पेश होने से बचता रहा। बार-बार अनुपस्थित रहने के बाद अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया। इसके बाद पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
36 साल तक बदलता रहा ठिकाना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए पासी ने वर्षों के दौरान अपने रहने का पता और संपर्क से जुड़ी जानकारी बदलता रहा। जांच एजेंसियां उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों का पता लगाने में जुटी रहीं। करीब तीन दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने मामले को बंद नहीं किया और आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस को उसकी गतिविधियों और संपर्कों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
मीरा रोड से पुलिस ने दबोचा
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के वर्तमान ठिकाने की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने ठाणे जिले के मीरा रोड ईस्ट स्थित पूनम रेजिडेंसी में कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश ललता पासी को गिरफ्तार कर लिया।





