---Advertisement---

रांची के दवा कारोबारी से गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर मांगी गई 1 करोड़ की रंगदारी, जांच में जुटी पुलिस

On: March 14, 2026 1:05 AM
---Advertisement---

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। इस बार शहर के एक दवा व्यवसायी को व्हाट्सएप के जरिए 1 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी गई है। रंगदारी नहीं देने पर दुकान बंद कराने और जान से मारने की चेतावनी भी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित दवा प्रतिष्ठान जय हिंद फार्मा के कारोबारी को यह धमकी भरा मैसेज भेजा गया। बताया जा रहा है कि धमकी सीधे कारोबारी को नहीं बल्कि उनके कैशियर के मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी गई। मैसेज के साथ एक ऑडियो क्लिप भी भेजी गई है, जिसमें खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए 1 करोड़ रुपये की मांग की गई है।

धमकी देने वाले ने साफ कहा है कि तय समय में पैसे नहीं दिए गए तो दुकान बंद करा दी जाएगी और इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस धमकी के बाद कारोबारी और उनके स्टाफ में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद पीड़ित व्यवसायी ने तुरंत कोतवाली पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस फिलहाल व्हाट्सएप नंबर और भेजे गए ऑडियो मैसेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। तकनीकी टीम भी इस मामले में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी देने वाला व्यक्ति कहां से ऑपरेट कर रहा है और उसका कनेक्शन किस गिरोह से है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजधानी रांची में कई कारोबारियों को गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर धमकी मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के बाद शहर के व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है। व्यापारिक संगठनों ने भी प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now