July 26, 2026

रामगढ़: युवक को दारू की भट्ठी में झोंका; मौत, जांच में जुटी पुलिस

Picsart_24-07-10_16-36-44-223.jpg

रामगढ़: कुजू ओपी क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से दारू की भट्ठी में झोंककर मार डालने की घटना सामने आई है। घटना की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का नाम पिंटू करमाली है। उसके परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर थाने के पास धरना पर बैठे हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

मृतक की पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि उसके पति को भोला साहू एवं राजकुमार मेहता ने दारू की भट्ठी में जलाकर मार डाला। जानकारी के अनुसार कुजू बस्ती में राजकुमार मेहता और भोला साहू मिलकर अवैध दारू भट्ठी चलाते हैं। पिंटू करमाली इसी भट्ठी में काम करता था। 9 जुलाई को भोला साहू ने पिंटू करमाली को फोन कर दारू भट्ठी पर बुलाया। बाद में इलाके में खबर फैली कि विकास पब्लिक स्कूल के पास पिंटू का शव फेंका हुआ है। उसके हाथ, पैर, पेट और छाती के कई हिस्से जले हुए थे। पिंटू का मोबाइल भी दारू भट्ठी संचालक राजकुमार मेहता के पास मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग पर अड़े हैं। उनका कहना है कि जब तक पुलिस ऐसा नहीं करती, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। जल्द आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।

ख़बर को शेयर करें।