---Advertisement---

गढ़वा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए संतोष केशरी को मिला झामुमो का समर्थन

On: January 31, 2026 8:31 PM
---Advertisement---

गढ़वा: नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही विभिन्न राजनीतिक दलों में प्रत्याशी चयन को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की देर रात तक चले लंबे मंथन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने गढ़वा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष केशरी को पार्टी समर्थित प्रत्याशी घोषित किया है। इसकी औपचारिक जानकारी शनिवार को झामुमो जिला समिति द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।


यह निर्णय झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर के गढ़वा स्थित आवास पर आयोजित बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शंभू राम ने की। इसमें जिला सचिव शरीफ अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य, नगर परिषद अध्यक्ष व सचिव तथा नगर परिषद क्षेत्र के सभी 21 वार्डों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे।

करीब आठ घंटे तक चली इस बैठक में गहन विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से संतोष केशरी के नाम पर सहमति बनी। बैठक के दौरान अध्यक्ष पद के लिए संतोष केशरी, अनीता दत्त, कंचन साहू, जितेंद्र सिंहा और मासूम खान के नामों पर चर्चा हुई, लेकिन अंततः पार्टी ने संतोष केशरी पर भरोसा जताया।


मौके पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी समर्थित प्रत्याशी को तन-मन से समर्पित होकर भारी बहुमत से जिताने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला कमेटी, नगर कमेटी, सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में जुटें और पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक के बाद संतोष केशरी का झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया।


बैठक में केंद्रीय सदस्य मदनी खान, तनवीर आलम खान, मनोज ठाकुर, जवाहर पासवान, परेश कुमार तिवारी, नसीम अख्तर, शांति देवी, धीरेन्द्र चौबे, चंदन जायसवाल, आशीष अग्रवाल, संजय कुमार कांस्यकार, रेखा चौबे, अंजलि गुप्ता, अराधना सिंह, रेखा पाठक, वंदना जायसवाल, मो. अरमान सिद्दकी, दिव्य प्रकाश, राजेश कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now