
![]()
रांची के खेलगांव में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल चैंपियनशिप में पाकुड़ जिले के मध्य विद्यालय जिन्दातो की अंडर-12 बालक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता. टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल और उत्कृष्ट समन्वय का प्रदर्शन किया और राज्य में तीसरे स्थान पर रही। कांस्य पदक के मुकाबले में जिंदातो की टीम ने लोहरदगा की मजबूत टीम को 1-0 से हराकर यह उपलब्धि दर्ज की. ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इन खिलाड़ियों ने अपने जुनून और मेहनत से साबित कर दिया कि संसाधनों की कमी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकती. उपायुक्त ने किया सम्मानित, खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन इस बड़ी उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में खिलाड़ियों और उनके कोच को सम्मानित किया. उन्होंने सभी खिलाड़ियों को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा फुटबॉल और पानी की बोतलें उपहार में देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उपायुक्त ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां जिले के लिए गौरव की बात है. उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों और पूरे विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मध्य विद्यालय जिन्दातो बच्चों में खेल के प्रति रुचि जगाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का सराहनीय काम कर रहा है. जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलेगा। उपायुक्त ने इस सफलता को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि इससे अन्य बच्चे भी खेल के प्रति आकर्षित होंगे. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि पाकुड़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. उन्होंने जिला खेल अधिकारी को उभरते खिलाड़ियों के लिए व्यवस्थित एवं प्रभावी प्रशिक्षण प्रणाली विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रियाश्री भगत एवं जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार ने भी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई दी.
Source link


