---Advertisement---

गढ़वा में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराई, महिला की मौत; कई लोग गंभीर घायल

On: March 8, 2026 1:23 PM
---Advertisement---

गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र में एनएच-39 पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मेराल थाना क्षेत्र के बाना महुआ के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रमना थाना क्षेत्र के कोरगा गांव के कुछ लोग स्कॉर्पियो से गढ़वा थाना क्षेत्र स्थित लगमा ब्रह्म स्थान मंदिर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय रात करीब साढ़े आठ बजे बाना महुआ के पास अचानक वाहन चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया। इसके बाद तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो उछलकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना में मेदिनीनगर की रहने वाली 50 वर्षीय अनीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य घायल लोगों को तत्काल मेराल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही मेराल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now