---Advertisement---

चांदी के गहने लूटने के लिए 88 साल की महिला को पलंग समेत उठा ले गए चोर, हाथ-पैर बांध खेत में फेंककर भागे

On: February 6, 2026 7:21 PM
---Advertisement---

भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अरवाड़ क्षेत्र के कोठिया गांव में बुधवार देर रात करीब 1 बजे चोरों ने चांदी के गहने लूटने के इरादे से 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उसके पलंग समेत उठा लिया और खेत में ले जाकर छोड़ दिया। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से महिला की जान बच गई और चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

पुलिस के अनुसार, यह वारदात पूर्व सरपंच नथी देवी माली के घर में उस समय हुई जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। चोरों ने पहले पूरे घर की रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

परिवार को कमरों में किया बंद, बुजुर्ग को बनाया निशाना

चोरों ने घर में दाखिल होते ही सबसे पहले परिवार के सभी सदस्यों को उनके-अपने कमरों में बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई विरोध या शोर न हो सके। इसके बाद उनकी नजर घर के बरामदे में सो रही नथी देवी की सास मांगी देवी पर पड़ीं, जो पलंग पर आराम कर रही थीं।

बताया जा रहा है कि मांगी देवी ने चांदी के पारंपरिक गहने पहन रखे थे, जिनका कुल वजन करीब डेढ़ किलो था। इन्हीं गहनों की लालच में चोरों ने महिला का मुंह दबाया और पलंग समेत उठाकर पास के खेत की ओर ले गए।

खेत में बांधकर छोड़ा, गहने नहीं उतार पाए चोर

खेत में पहुंचने के बाद आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें बेसहारा हालत में वहीं छोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि जल्दबाजी और पकड़े जाने के डर के चलते चोर गहने उतारने में असफल रहे और मौके से फरार हो गए।

कुछ समय बाद घर के अंदर बंद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजे खोलने की कोशिश की और जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ताले तोड़कर परिवार को बाहर निकाला।
जब घर में मांगी देवी नहीं मिलीं, तो ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बुजुर्ग महिला खेत में बंधी हुई हालत में मिलीं। डेढ़ किलो वजनी चांदी के गहने सुरक्षित मिले और उनके शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं थे।

बड़ी अनहोनी टली, पुलिस जांच में जुटी

महिला को तत्काल घर लाया गया और प्राथमिक उपचार दिया गया। परिजनों और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

पुलिस आसपास के गांवों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now