---Advertisement---

खूंटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर; 3 युवकों की मौत

On: March 3, 2026 7:56 PM
---Advertisement---

खूंटी: जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया। रनिया थाना क्षेत्र के तुरीगड़ा के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने पल्सर बाइक को सीधी टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान खूंटी थाना क्षेत्र के लटरजंग निवासी सनिका मुंडा और तुरी मुंडा तथा गुदड़ी थाना क्षेत्र के उड़रिंग गांव निवासी मानु बरजो के रूप में हुई है। मानु बरजो गुदड़ी इलाके में चल रहे एक ठेकेदारी कार्य में जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर काम करता था, जबकि सनिका और तुरी उसके साथ हेल्पर के रूप में कार्यरत थे।

परिजनों के अनुसार, तीनों युवक काम के सिलसिले में गुदड़ी से रनिया आए थे। मंगलवार शाम वे वापस मरचा की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान तुरीगड़ा के पास सामने से तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर रनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर थाना लाई। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

इस हृदयविदारक घटना के बाद लटरजंग और उड़रिंग गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरार ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now