देवघर: जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव स्थित एक तालाब के पास मैदान में एक अज्ञात युवक की सिरकटी लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल की स्थिति इतनी भयावह थी कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक का सिर धड़ से पूरी तरह अलग था। उसकी खोपड़ी करीब 20 फीट दूर पत्थर से बुरी तरह कुचली हुई अवस्था में मिली। इतना ही नहीं, मृतक के जबड़े का निचला हिस्सा धड़ में ही फंसा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि अपराधियों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे और सिर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया।
जांच के दौरान मंगलवार को शव की पहचान दिलीप तूरी (35) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से लापता था। सोमवार देर शाम पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान होते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग बैद्यनाथ चौक पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, वे सड़क से नहीं हटेंगे। घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल देखने को मिला।
स्थिति को संभालने के लिए एसडीपीओ अशोक सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
देवघर में युवक की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी, लोगों का फूटा गुस्सा; सड़क जाम कर किया प्रदर्शन














