रामगढ़: रजरप्पा थाना क्षेत्र चितरपुर रजरप्पा मोड़ के पास कई ज्वेलरी की दुकानों में पिस्तौल की नोक पर बाइक सवार आधार दर्जन अपराधियों ने तकरीबन एक करोड़ के आभूषण और नकदी की डकैती की। डकैत ग्राहक की भेष में आए थे। एक ज्वेलरी में लूटपाट के बाद ज्वेलरी दुकान की चालाकी से लोग जुट गए और चार डकैत सामान लेकर भाग गए जबकि दो डकैतों को लोगों ने पकड़ लिया और उनकी बुरी तरह पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल कायम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे और मौके पर पहुंचते ही अलग-अलग दुकानों में जाकर रेकी करने लगे।
स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी सबसे पहले उत्तम ज्वेलर्स में घुसे और आभूषण दिखाने को कहा। जब वहां उन्हें कुछ नहीं मिला तो वे शिवनारायण ज्वेलर्स में गए। वहां भी उन्हें मनचाही चीज नहीं मिली तो अपराधियों ने बगल में स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया। यहीं से असली वारदात शुरू हुई।
ग्राहक बनकर आए, फिर पिस्टल निकालकर लूटपाट शुरू कर दी
शिव शंकर ज्वेलर्स में अपराधियों ने दुकान मालिक विष्णु वर्मा से सोने की चेन दिखाने को कहा। विष्णु वर्मा ने अपने छोटे भाई विवेक वर्मा को चेन लाने के लिए कहा। इसी दौरान अपराधियों ने विष्णु वर्मा को अकेला पाकर तुरंत पिस्टल तान दी और दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी समेटने लगे। दुकान के अंदर अफरा-तफरी मच गई और अपराधी तेजी से सामान भरते रहे।
भाई ने समझदारी दिखाई, लोगों को बुलाकर घेराबंदी कर दी
दुकान मालिक के भाई विवेक वर्मा ने बताया कि दो अपराधी ग्राहक बनकर दुकान में आए थे और चेन दिखाने को कह रहे थे। जैसे ही वह चेन लेकर वापस पहुंचे, तब तक पांच से छह अपराधी पिस्टल दिखाकर लूटपाट कर रहे थे। विवेक ने तुरंत आसपास के लोगों को आवाज लगाई और भीड़ जुटाकर दुकान के बाहर से ग्रिल बंद करने की कोशिश की। इसी बीच तीन से चार अपराधी लूट का सामान लेकर भागने में सफल हो गए।
ग्रामीणों ने दो अपराधियों को पकड़ लिया, मौके पर जमकर पिटाई
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो अपराधियों को पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से दोनों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने अपराधियों के पास से एक पिस्टल, मोबाइल और बाइक भी बरामद की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में लिया।
करीब एक करोड़ की लूट का दावा
विवेक वर्मा के अनुसार अपराधी सोना, चांदी और नगदी मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति लेकर फरार हुए हैं। दुकान में रखे कई आभूषणों को अपराधियों ने जल्दी-जल्दी समेट लिया और मौके से भाग निकले। घटना के बाद ज्वेलर्स व्यवसायियों में भारी नाराजगी है। लोग कह रहे हैं कि अब बाजार में दिन में भी सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा।
घायल अपराधियों को सदर अस्पताल भेजा गया
ग्रामीणों की पिटाई से घायल दोनों अपराधियों को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
मौके पर पहुंचे एसपी, कहा- जल्द होगा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से पूछताछ की और पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से दो अपराधियों को पकड़ा गया है और उनके पास से पिस्टल, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही बाकी अपराधियों को भी पकड़ लिया जाएगा। एसपी ने भरोसा दिलाया कि लूटे गए सामान की बरामदगी भी जल्द की जाएगी और पूरे मामले का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा।








