
रांची: JPSC-JSSC अभ्यर्थियों और सरकार के बीच हुई वार्ता में छात्रों की सभी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। मांगों का पूर्ण समाधान नहीं होने के बाद छात्रों ने वार्ता को विफल करार दिया है। इसके बाद आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है।
छात्रों के अनुसार, आज 10 अगस्त को सुबह 9 से 10 बजे के बीच पुराने विधानसभा मैदान और शहीद मैदान के आसपास छात्र जुटेंगे। इसके बाद सभी छात्र संगठनों के नेतृत्व में नई विधानसभा की ओर मार्च कर घेराव करने की तैयारी है।
इस आंदोलन की खास बात यह होगी कि जयपाल मुंडा परिसर में अलग-अलग तीन टेंटों में बैठे छात्र भी एकजुट होकर प्रदर्शन में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न छात्र संगठन और सामाजिक संगठन भी आंदोलन को समर्थन देने की बात कह रहे हैं।
छात्रों के मुताबिक, राजनीतिक दलों से भी आंदोलन को समर्थन मिलने की संभावना है। बीजेपी समेत कई राजनीतिक दलों और संगठनों के प्रतिनिधि छात्रों के आंदोलन में समर्थन देने पहुंच सकते हैं।

वहीं, आंदोलन में शामिल होने के लिए झारखंड के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में छात्र ट्रेन और बसों के जरिए रांची पहुंच रहे हैं। छात्रों का दावा है कि आज के प्रदर्शन में हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आज का विधानसभा घेराव इसी आंदोलन की अगली बड़ी कड़ी माना जा रहा है।




