
गुमला : नगर परिषद एवं SIP Academy के सहयोग से CSR परियोजना के अंतर्गत रविवार को KO कॉलेज सभागार, गुमला में IEC (Information, Education & Communication) गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुमला नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को Solid Waste Management (SWM) Rules, 2026 के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छता, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनमें व्यवहारिक परिवर्तन लाना था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कचरे के उचित प्रबंधन, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे के अलग-अलग संग्रहण, कचरे को खुले में नहीं फेंकने तथा प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को Single Use Plastic का उपयोग नहीं करने एवं उसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए Quiz Competition एवं Painting Competition का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों से स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित प्रश्न पूछे गए, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त गुमला एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में बच्चों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निकाय की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक के कम से कम उपयोग के लिए प्रेरित करने का संकल्प दिलाया गया।
गुमला नगर परिषद द्वारा बताया गया कि इस प्रकार की IEC गतिविधियों के माध्यम से विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी रहेगा, ताकि गुमला शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके।








