
वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी, जबकि एक गोली पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूकर निकल गई। दोनों घायलों को इलाज के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए सुबह करीब पौने दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर पायलट केबिन में रखा जाना था। इसी दौरान पिस्टल की मैगजीन अलग करने के प्रयास में अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।




