
गढ़वा: गढ़वा रोड–चोपन रेलखंड पर रमना रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 27 के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही रमना थाना प्रभारी आकाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवती के जबलपुर–हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और परिस्थितियों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 21 वर्ष है। उसने काले रंग का सलवार और सफेद रंग का वस्त्र पहन रखा था। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों और अन्य इलाकों में जानकारी जुटाकर युवती की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
युवती रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।







