
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। आशदार गली के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया। मौके से एक AK राइफल और अन्य युद्ध संबंधी सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। इलाके में एक और आतंकी के छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को आतंकियों के एक संदिग्ध समूह की आवाजाही को लेकर खुफिया इनपुट मिला था। सूचना थी कि संदिग्ध आतंकवादी पुलवामा के पाखरपोरा इलाके से बडगाम के यूस्मर्ग की तरफ बढ़ रहे हैं। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने आशदार गली के जंगलों में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।
सेना की चिनार कॉर्प्स के मुताबिक, तलाशी के दौरान जवानों ने जंगल में संदिग्ध गतिविधि देखी। सुरक्षाबलों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान एक आतंकी मारा गया।

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली। इस दौरान एक AK राइफल बरामद हुई है। सेना ने अन्य युद्ध संबंधी सामान मिलने की भी जानकारी दी है। मारे गए आतंकी की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और उसकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
सुरक्षाबलों को आशंका है कि एक अन्य आतंकवादी अभी भी जंगल में छिपा हो सकता है। इसलिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल जंगल के अलग-अलग हिस्सों में तलाशी ले रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों की जांच की जा रही है। सेना के अनुसार ऑपरेशन अभी जारी है।
बडगाम में हुई यह मुठभेड़ ऐसे समय में हुई है, जब कश्मीर घाटी में कई महीनों से इस तरह की बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने नहीं आई थी। सुरक्षा एजेंसियां आतंकियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल सुरक्षाबलों का पूरा ध्यान दूसरे संदिग्ध आतंकी का पता लगाने और इलाके को सुरक्षित करने पर है।



