
गुमला: भरनो प्रखंड के गढ़ाटोली गांव में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, गढ़ाटोली निवासी बुधनाथ उरांव (35) रविवार दोपहर शराब के नशे में अपनी पत्नी से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे। पत्नी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिससे वह नाराज हो गया।
इसके बाद बुधनाथ घर से निकलकर गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर के पास पहुंचा और देखते ही देखते टावर पर चढ़ने लगा। युवक को बिजली के टावर पर चढ़ता देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे।
सूचना मिलने पर भरनो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक बुधनाथ को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुआ। इस दौरान परिजन भी लगातार उसे लेकर चिंतित रहे।
आखिरकार बुधनाथ की पत्नी ने टावर के नीचे से उसे समझाते हुए सुरक्षित नीचे आने की गुजारिश की। पत्नी के बार-बार समझाने और मिन्नत करने के बाद बुधनाथ खुद ही टावर से नीचे उतर आया। उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।







