
गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप सामने आया है। 25 वर्षीय युवक लखन साव ने पेट्रोलिंग पुलिस पर सड़क पर उसके साथ मारपीट करने और बाद में नगर थाना परिसर में भी दोबारा पीटने का आरोप लगाया है। घटना के बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया।

घायल लखन साव मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी निवासी मुन्ना साव का पुत्र बताया जा रहा है। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान होने की बात सामने आई है। घटना के बाद परिजनों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
होटल के पास दोस्तों के साथ खड़ा था युवक
लखन के मुताबिक, वह ऑर्बिट होटल के समीप अपने कुछ दोस्तों के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान नगर थाना की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची। युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे सड़क पर पटककर पीटा। इसके बाद उसकी बाइक और मोबाइल फोन को जब्त कर नगर थाना ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर लखन ने अपने बड़े भाई और अन्य परिजनों को इसकी सूचना दी।
बाइक लेने थाना पहुंचा तो फिर मारपीट का आरोप
बताया गया कि इसके बाद लखन अपने भाइयों और परिजनों के साथ बाइक लेने नगर थाना पहुंचा। युवक का आरोप है कि थाना परिसर में पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों के साथ फिर विवाद हुआ और उसके साथ दोबारा मारपीट की गई।
लखन ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी समेत मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
बहन ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
लखन के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने के बाद उसकी बड़ी बहन भी सदर अस्पताल पहुंचीं। भाई की हालत देखकर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। परिवार की ओर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने आरोपों से अलग बताई पूरी घटना
वहीं, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक द्वारा लगाए गए मारपीट के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है। उनका कहना है कि जिस जगह युवक और उसके साथी मौजूद थे, वहां अक्सर लोगों के जुटने और नशे का सेवन करने की शिकायत रहती है।
थाना प्रभारी के अनुसार, पेट्रोलिंग पुलिस को देखते ही वहां मौजूद कई लोग भागने लगे। इसी दौरान युवक की बाइक और मोबाइल मौके पर छूट गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर थाना लाया।
उन्होंने बताया कि बाद में युवक अपने साथियों और परिजनों के साथ नगर थाना पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा। पुलिस का दावा है कि युवक खुद भी डेंड्राइट के नशे में था और थाना परिसर में गाली-गलौज करते हुए आपत्तिजनक बातें कर रहा था।
फिलहाल युवक की ओर से लगाए गए आरोप और पुलिस की ओर से बताए गए घटनाक्रम में अंतर है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




