
मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) से दो लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें से एक युवक खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का अधिकारी बता रहा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास मौजूद PMO का पहचान पत्र फर्जी पाया गया। वहीं, उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से बंदूक बरामद होने की बात सामने आई है।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान 24 वर्षीय रोहन पारेख के रूप में बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, रोहन ने खुद को PMO अधिकारी बताया था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पहचान पत्र की जांच की गई, जिसके बाद वह फर्जी पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
बॉडीगार्ड के पास थी बंदूक
जांच के दौरान सामने आया कि रोहन पारेख एक बॉडीगार्ड के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था। उसके बॉडीगार्ड के पास कथित तौर पर बंदूक थी। सुरक्षा एजेंसियों ने हथियार बरामद कर दोनों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा को लेकर सतर्कता और बढ़ा दी गई।
मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही जांच
मुंबई पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और एक व्यक्ति के पास से बंदूक बरामद हुई है। पूरे मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचे और फर्जी पहचान पत्र तथा हथियार रखने के पीछे उनका मकसद क्या था।
आज मुंबई में PM मोदी का बड़ा कार्यक्रम
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सरकारी जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री के शाम करीब 5:45 बजे कार्यक्रम का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का आयोजन 8 से 11 सितंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में किया जा रहा है। इस बार सम्मेलन का फोकस Agentic AI, Tokenisation और Quantum Technology पर है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले फर्जी PMO पहचान पत्र और हथियार के साथ दो लोगों के पकड़े जाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। फिलहाल क्राइम ब्रांच की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों का कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने का वास्तविक मकसद क्या था।




