
रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्रों का आंदोलन अब गंभीर मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। लगातार 13 दिनों से आंदोलन और अनशन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांति की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
तबीयत खराब होने के बाद राहुल क्रांति को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज कराया जा रहा है। आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्रों में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है।
13 दिन से जारी है छात्रों का आंदोलन
JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के खिलाफ अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। कई छात्र अनशन पर भी बैठे हैं। छात्रों की मांग है कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
आंदोलन के बीच राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने से छात्रों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव और बढ़ सकता है। वहीं, आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज है और छात्रों के समर्थन में विभिन्न संगठनों की सक्रियता बढ़ रही है।
अब सरकार की ओर टिकी नजर
छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के बीच बातचीत की तैयारी भी चल रही है। ऐसे में अनशन पर बैठे छात्र की तबीयत बिगड़ने की घटना ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत से कोई समाधान निकलता है या आंदोलन आगे और तेज होता है।




